Bihar: पश्चिम चंपारण में घरेलू विवाद सुलझाने पहुंची महिला दारोगा से मारपीट, तीन गिरफ्तार

0
113

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र के डीके शिकारपुर गांव में एक घरेलू विवाद सुलझाने पहुंची महिला पुलिस अधिकारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में शिकारपुर थाने की सब-इंस्पेक्टर (एसआई) मुन्नी देवी घायल हो गईं। पुलिस ने इस मामले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को डीके शिकारपुर गांव निवासी मुर्शिदा खातून के छोटे बेटे मोहम्मद आफताब के घर आंधी-पानी के कारण आंगन में लगा बल्ब फ्यूज हो गया। आफताब ने बल्ब बदलने के लिए अपनी मां से सीढ़ी मांगी, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो बाद में गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। मुर्शिदा खातून ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर एसआई मुन्नी देवी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और झगड़ा शांत कराने का प्रयास करने लगीं। इसी दौरान, मुर्शिदा की बेटी मेहनाज खातून ने एसआई मुन्नी देवी के बाल पकड़कर उन्हें नीचे झुका दिया और मारपीट करने लगी। यह देखकर वहां मौजूद महिला पुलिसकर्मी बीच-बचाव करने लगीं, लेकिन मेहनाज की मां और भाई ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया।

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गया। घायल एसआई मुन्नी देवी को अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि महिला पुलिस अधिकारी के साथ मारपीट, पुलिस टीम के साथ दुर्व्यवहार और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में एक महिला, उसकी बेटी और बेटे को गिरफ्तार किया गया है।एसआई मुन्नी देवी के आवेदन पर एफआईआर दर्ज कर तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here