Delhi Building Collapse: बुराड़ी बिल्डिंग हादसे में 2 की मौत, 12 लोगों को बचाया गया; रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी

बीती शाम दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत अचानक से गिर गई। इस हादसे में अब तक दो की मौत हो चुकी है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। जहां पर सभी का इलाज चल रहा है। हादसा बुराड़ी के कौशिक एंक्लेव में चार मंजिला इमारत गिरने से हुआ है।

0
115

Delhi Building Collapse : दिल्ली के बुराड़ी इलाके में सोमवार को अचानक चार मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि अब तक 12 लोगों को बचाया जा चुका है। रातभर चलता रहा राहत बचाव अभियान अभी भी जारी है।

बुराड़ी के कौशिक एन्क्लेव में शाम करीब 6:30 बजे चार मंजिला इमारत ढह गई। पुलिस ने बताया कि उन्हें घटना के बारे में शाम 6:58 बजे फोन आया। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) (उत्तरी दिल्ली) राजा बंठिया ने संवाददाताओं से कहा कि हमें सूचना मिली थी कि इमारत के अंदर मजदूर फंसे हुए हैं। इसके बाद आनन-फानन में दमकल विभाग और NDRF की टीम द्वारा बचाव अभियान शुरू किया गया।

वहीं इस हादसे पर मुख्यमंत्री आतिशी ने दुख जताया है।

घायलों के नाम

1. संजय उम्र 28 साल
2. कृष्णा उम्र 30 साल
3. ज्ञानु उम्र 27 साल
4. रजनी उम्र 26 साल
5. सिमरन उम्र 10 साल
6. खुशी उम्र 8 साल
7. लल्लू उम्र 40 साल
8. सविता उम्र 32 साल
9. सोनिया उम्र 16 साल
10. प्रियंका उम्र 14 साल
11. आकांक्षा उम्र 6 साल
12. अजय उम्र 5 साल है

एक बच्ची 7 साल की जिसका नाम राधिका है। उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। उसे भी सरकारी अस्पताल लाया गया है। जहां पुलिस ने मृतक का पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बचाव दल के मौके पर पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने मलबे में फंसे चार लोगों को बाहर निकाल लिया। उनको नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय लोगों के साथ बचाव दल राहत कार्य में जुटा हुआ है। देर रात छह और लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल भेज दिया गया है। कई और लोग मलबे में फंसे हो सकते हैं।

उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजा बंठिया ने बताया कि सोमवार शाम करीब 6.30 बजे पुलिस को बुराड़ी के कौशिक एन्क्लेव में एक चार मंजिला निर्माणाधीन इमारत के गिरने की जानकारी मिली। पुलिस को स्थानीय लोगों ने बताया कि दो सौ गज में इमारत का निर्माण कार्य हो रहा था। घटना के समय करीब दस से 15 मजदूर काम कर रहे थे। जबकि इनके परिवार वाले भी वहीं मौजूद थे। हालांकि स्थानीय लोगों ने चार लोगों को तुरंत बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचा चुके थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान अभी जारी है। पुलिस, दमकल, डीडीएमए और एनडीआरएफ की टीम राहत बचाव में लगी है।

स्थानीय निवासी राम निवास ने बताया कि इमारत के खाली प्लॉट में मजदूरों ने रहने के लिए चार झुग्गी बना रखी थी। इमारत का मलबा झुग्गी पर भी गिरा है। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि यहां कितने लोग मौजूद थे। पुलिस यहां काम करवा रहे ठेकेदार और मकान मालिक की तलाश कर रही है। वहीं दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि दमकल की नौ गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और दमकल कर्मी राहत बचाव का कार्य कर रहे हैं। दमकलकर्मी मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here