वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 01 फरवरी 2025 को सुबह 11 बजे केंद्रीय बजट पेश कर दिया है। केंद्र सरकार के शिक्षा बजट में आईआईटी, आईआईएम और मेडिकल कॉलेजों के लिए कई बड़ी घोषणाएं की गई हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आने वाले कुछ सालों में शिक्षा में बदलाव देखने को मिल सकते हैं। आइए जानते हैं आज के बजट का एलान।
Budget 2025 Announcement: आम बजट में शिक्षा और रोजगार के लिए क्या सुविधाएं
- आईआईटी: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2025 में आईआईटी के लिए बड़ी घोषणा की है। 2014 से शुरू हुए 5 नए आईआईटी में 6,500 सीटें बढ़ाई जाएंगी। आईआईटी पटना का भी विस्तार किया जाएगा।
- स्टार्टअप के लिए योजनाएं: Entrepreneurship को बढ़ावा देने के लिए 10,000 करोड़ रुपये का ‘स्टार्टअप फंड ऑफ फंड्स’ स्थापित किया जाएगा। पहली बार स्टार्टअप करने वाली 5 लाख महिलाओं, अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के लिए नई योजनाएं शुरू की जाएंगी।
- मेडिकल एजुकेशन पर खास ध्यान: अगले 10 साल में 1.1 लाख मेडिकल सीट्स (UG और PG) बढ़ाई जाएंगी। यह 130% बढ़ोतरी है। अगले साल मेडिकल कॉलेजों में 10,000 अतिरिक्त सीटें बढ़ाई जाएंगी। अगले 5 सालों में मेडिकल कॉलेजों में 75,000 सीटें बढ़ाई जाएंगी।
- AI के लिए कुछ प्रस्ताव: इन दिनों एआई की बढ़ती मांग को देखते हुए, आम बजट 2025 में शिक्षा क्षेत्र में एआई को बढ़ावा देने के लिए वित्त मंत्री ने AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का प्रस्ताव दिया है। इसके लिए बजट में 500 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
- सरकारी स्कूलों में मिलेगी ब्रॉडबैंड की सुविधा: अगले 5 सालों में सरकारी स्कूलों में 50,000 अटल टिंकरिंग लैब्स सेटअप किए जाएंगे। सभी सरकारी सेकंडरी स्कूलों में ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी दी जाएगी। इसके साथ ही स्कूलों और उच्च शिक्षा के लिए भारतीय भाषा पुस्तक स्कीम की शुरुआत होगी।
- बिहार में नए संस्थान खोले जाएंगे: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट में बिहार में नए शिक्षण संस्थान की घोषणा की है। बिहार में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी, एंटरप्रेन्योरशिप एंड मैनेजमेंट शुरू होगा। इससे आंत्रप्रेन्योरशिप के लिए स्किलिंग और युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी।
- टूरिज्म सेक्टर में नौकरियां: टूरिज्म सेक्टर में नौकरियों की बहार आएगी। टॉप 50 टूरिस्ट डेस्टिनेशंस में निवेश के साथ विकास किया जाएगा। इंस्टिट्यूट ऑफ हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट के जरिए इन टूरिज्म जॉब्स के लिए युवाओं को स्किल एजुकेशन प्रदान की जाएगी।
- National Centres for Excellence: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट 2025 भाषण में घोषणा की कि पांच राष्ट्रीय कौशल उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इससे वैश्विक विशेषज्ञता को बढ़ावा मिलेगा।
इस बजट से स्पष्ट होता है कि सरकार शिक्षा और रोजगार को प्राथमिकता दे रही है, जिससे आने वाले वर्षों में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।