मुंबई से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर 2954 में उस समय हड़कंप मच गया जब एक क्रू मेंबर को केबिन में टिशू पेपर पर बम की धमकी लिखी मिली। टिशू पेपर पर लिखा था, “Air India 2948 @ T3 में बम है।” यह सूचना मिलते ही तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया। दिल्ली फायर डिपार्टमेंट को सुबह 4:42 बजे कॉल मिली, जिसके बाद बम स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा बलों ने जांच शुरू की। जांच के बाद इस धमकी को ‘हॉक्स’ यानी झूठी सूचना बताया गया।
एयर इंडिया का बयान
एयर इंडिया ने कहा कि विमान पर एक अनहोनी सुरक्षा चेतावनी मिली थी, लेकिन सभी सुरक्षा प्रक्रियाएं पूरी की गईं और फ्लाइट को उड़ान के लिए मंजूरी दे दी गई। एयर इंडिया अपने यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है।
पिछली धमकियां भी चिंता का विषय
13 जून को थाईलैंड के फुकेट एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की फ्लाइट AI-379 को बम धमकी मिलने पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई थी। उस समय फ्लाइट में 156 यात्री सवार थे।
इसके अलावा, 22 जून को एयर इंडिया की फ्लाइट AI114 को बम धमकी मिलने के बाद बर्मिंघम से दिल्ली आते वक्त रियाद में मोड़ दिया गया। वहां विमान सुरक्षित लैंडिंग कराई गई और यात्रियों को होटल में ठहराया गया।
इन घटनाओं से हवाई सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ गई है, लेकिन सभी धमकियां अब तक झूठी साबित हुई हैं।
