Home देश रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी ने PM मोदी से मांगी इच्छा मृत्यु? अफसरों ने...

रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी ने PM मोदी से मांगी इच्छा मृत्यु? अफसरों ने नहीं समझा दर्द

यूपी के गाजियाबाद के लोनी में एक सेवानिवृत्त एयरफोर्स कर्मी ने हिस्सा प्रमाण पत्र न बनने से परेशान होकर प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को पत्र लिखकर इच्छा मृत्यु मांगी है। पीड़ित का आरोप है कि लोनी तहसील के लेखपाल ने प्रमाण पत्र बनाने के एवज में हजारों रुपये की मांग की है। आगे विस्तार से जानिए आखिर पूरा मामला क्या है।

0
रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी ने PM मोदी से मांगी इच्छा मृत्यु? अफसरों ने नहीं समझा दर्द
रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी ने PM मोदी से मांगी इच्छा मृत्यु? अफसरों ने नहीं समझा दर्द

गाजियाबाद जनपद के लोनी में कोतवाली क्षेत्र के शकलपुरा गांव में रहने वाले एक सेवानिवृत्त एयरफोर्स कर्मी (फ्लाइंग ऑफिसर) ने हिस्सा प्रमाण पत्र न बनाए जाने से परेशान होकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व जिलाधिकारी को पत्र लिखकर इच्छा मृत्यु मांगी है।

यह मामला तब सामने आया, जब पीड़ित का इच्छा मृत्यु मांगने वाला पत्र व वीडियो मंगलवार को इंटरनेट मीडिया (एक्स) पर प्रसारित हुआ। पीड़ित ने लोनी तहसील के लेखपाल अय्यूब खां पर हिस्सा प्रमाण पत्र की एवज में हजारों रुपये मांगने का आरोप लगाया है।

एयरफोर्स से सेवानिवृत्त हैं धीरज सिंह 

लोनी कोतवाली क्षेत्र के शकलपुरा गांव के धीरज सिंह एयरफोर्स से सेवानिवृत्त हैं। पीड़ित ने शिकायत में बताया कि लोनी में बंथला के सामने चार बीघा भूमि है। इसमें सिंचाई के लिए एक ट्यूबेल लगा है। ट्यूबेल पर कनेक्शन के लिए विद्युत विभाग हिस्सा प्रमाण पत्र मांग रहा है।

इसके लिए लोनी तहसील प्रशासन व शासन को सात सितंबर, 21 अक्टूबर व 12 दिसंबर 2024 को पत्र लिख कर प्रमाण पत्र बनाने का अनुरोध किया था। प्रमाण पत्र नहीं बनने पर पीड़ित ने जिलाधिकारी व उपजिलाधिकारी को भी पत्र लिखकर हिस्सा पत्र बनवाने के लिए अनुरोध किया था। आरोप है कि लोनी तहसील के लेखपाल ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा रोक लगाने का हवाला देते हुए उनको गुमराह किया।

35 हजार रुपये दो फिर बनेगा प्रमाण पत्र

पीड़ित का आरोप है कि कुछ दिन तो लेखपाल प्रमाण पत्र बनाने के बजाय टालमटोल करते रहे। आरोप है कि बार-बार कहने पर हिस्सा प्रमाण पत्र के एवज में लेखपाल 35 हजार रुपये की मांग करने लगे। कहा कि कहीं भी चले जाओ, पहले मेरे निजी सहायक के पास रुपये जमा कराओ। उसके बाद हिस्सा प्रमाण पत्र मिलेगा।

निराश होकर मांगी इच्छा मृत्यु

सेवानिवृत्त एयरफोर्स कर्मी ने बताया कि समाधान दिवस समेत तमाम अधिकारियों से गुहार लगाने के बाद भी 2024 से आज तक प्रमाण पत्र नहीं बना है। प्रमाण पत्र के लिए भाग दौड़ करते हुए अब थक चुका हूं। एक भूमाफिया भी परेशान कर रहा है। बिना लेखपाल की रिपोर्ट लगाए हिस्सा प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा।

इससे बिजली कनेक्शन नहीं मिल रहा है। निराश होकर पीड़ित को इच्छा मृत्यु के लिए पीएम, सीएम व डीएम को पत्र लिखने को मजबूर होना पड़ा। आरोप है कि लेखपाल द्वारा एक भूमाफिया के साथ मिलकर भी परेशान किया जा रहा है।

पूर्व में अंश बदलवाने को लेकर शिकायत मिली थी, जिसका समाधान किया गया था। फिर से पीड़ित को बुलाकर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। – राजेंद्र कुमार शुक्ला, लोनी एसडीएम लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। इस प्रकरण की जांच अधिकारी कर रहे हैं। अगर मैं दोषी पाया जाता हूं, तो मेरे खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। – अय्यूब खां, लेखपाल

 

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!
Exit mobile version