भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने राजस्थान में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात एक पाकिस्तानी रेंजर को हिरासत में लिया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई शनिवार को BSF की राजस्थान फ्रंटियर की ओर से की गई।
यह घटनाक्रम ऐसे समय पर सामने आया है जब जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर है। मारे गए लोगों में ज्यादातर पर्यटक थे, जिससे देश भर में गुस्सा और चिंता फैली हुई है।
इससे पहले, 23 अप्रैल को पंजाब में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर BSF जवान पूर्णम कुमार शॉ को पाकिस्तानी रेंजर्स ने हिरासत में लिया था। बताया गया कि जवान गलती से सीमा पार कर गया था, लेकिन भारतीय अधिकारियों द्वारा विरोध दर्ज कराने और जवान की वापसी की लगातार मांग के बावजूद पाकिस्तान अब तक उसे सौंपने से इनकार कर रहा है।
भारत ने इस मसले पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है और पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ कई फ्लैग मीटिंग्स भी की गई हैं। लेकिन पाकिस्तान की ओर से न तो जवान की लोकेशन साझा की गई है और न ही उसकी रिहाई को लेकर कोई आश्वासन दिया गया है।
पाकिस्तानी रेंजर की हिरासत को भारत की ओर से रणनीतिक जवाबी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। सूत्रों का मानना है कि यह कदम भारत की ओर से अपने जवान की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए दबाव बनाने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है।
सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि पहले ऐसी घटनाओं में दोनों देश त्वरित कार्रवाई कर मामले को सुलझा लेते थे, लेकिन इस बार पहाड़गाम हमले के बाद उपजा अविश्वास हालात को और बिगाड़ रहा है।
फिलहाल, दोनों पक्षों के बीच सैन्य और कूटनीतिक स्तर पर बातचीत जारी है, लेकिन तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए जल्द समाधान की उम्मीद कम है। भारतीय एजेंसियां मामले पर करीबी नजर बनाए हुए हैं और हर स्तर पर कार्रवाई के विकल्पों पर विचार कर रही हैं।
