
26/11 मुंबई आतंकी हमले के आरोपी तहव्वुर राणा को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) मुख्यालय में ग्राउंड फ्लोर पर बनी विशेष हाई-सिक्योरिटी सेल में रखा गया है। इस सेल में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं, जहां चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। केवल 12 चयनित NIA अधिकारियों को ही यहां प्रवेश की अनुमति है।
NIA द्वारा तैयार की गई इस सेल का आकार लगभग 14 बाय 14 फीट है। इसमें एक जमीन पर लगा हुआ बिस्तर और एक अटैच बाथरूम की सुविधा दी गई है। सुरक्षा के लिहाज से यह सेल मल्टी-लेयर डिजिटल सिक्योरिटी सिस्टम और सीसीटीवी कैमरों से लैस है। इसके अलावा, 24 घंटे प्रशिक्षित सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी प्रकार की चूक की कोई गुंजाइश न रहे।
राणा से पूछताछ की प्रक्रिया आज से शुरू हो चुकी है। इससे पहले NIA अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें पूछताछ की रूपरेखा तय की गई। पूछताछ के दौरान पूरी प्रक्रिया दो CCTV कैमरों की निगरानी में रिकॉर्ड की जाएगी, ताकि हर उत्तर को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा जा सके। अधिकारियों के अनुसार, इंटरोगेशन के दौरान राणा को समय-समय पर ब्रेक दिए जाएंगे, लेकिन उसे सेल से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी।
पूछताछ से जुड़ी हर कार्रवाई, चाहे वह दस्तावेज हो या भोजन, उसी सेल के भीतर की जा रही है। इससे यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सुरक्षा में कोई सेंध न लगे और जांच प्रक्रिया में कोई बाधा न आए।
NIA को अब तक देश की 8 प्रमुख एजेंसियों से तहव्वुर राणा से पूछताछ की अनुमति के लिए अनुरोध प्राप्त हो चुके हैं। माना जा रहा है कि इस केस से जुड़े कई अंतरराष्ट्रीय पहलुओं की भी जांच की जा सकती है। अमेरिका से भारत लाए गए राणा के मामले को एजेंसी अत्यधिक गंभीरता से ले रही है।
फिलहाल तहव्वुर राणा देश की सबसे सुरक्षित और सीमित गतिविधियों वाली सेल में बंद है, जिससे किसी भी प्रकार की जानकारी का बाहर लीक होना असंभव है और जांच प्रक्रिया सुचारु रूप से आगे बढ़ सके।