India-Pakistan सीमा पर तनाव चरम पर, BSF ने PAK रेंजर को लिया हिरासत में

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव और गहराता जा रहा है। इस हमले में 26 लोगों की जान गई थी, जिनमें से अधिकतर पर्यटक थे। इस हमले के बाद सीमा पर सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है। इसी कड़ी में शनिवार को राजस्थान में भारत-पाक सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने एक पाकिस्तानी रेंजर को हिरासत में लिया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई राजस्थान फ्रंटियर पर की गई है। यह घटनाक्रम ऐसे समय पर हुआ है जब इससे पहले 23 अप्रैल को पंजाब सीमा पर पाकिस्तानी रेंजर्स ने बीएसएफ के जवान पूर्णम कुमार शॉ को हिरासत में ले लिया था। बताया गया है कि वह गलती से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर गया था। भारत ने इस मामले में कड़ा विरोध जताया था, लेकिन पाकिस्तान ने अब तक ना तो जवान को लौटाया है और ना ही उसकी स्थिति के बारे में कोई जानकारी दी है।

बीएसएफ ने पाकिस्तान के सामने आधिकारिक रूप से विरोध दर्ज कराया है और जवान की सुरक्षित वापसी की मांग की है। आम तौर पर इस तरह की घटनाएं पहले तुरंत सुलझा ली जाती थीं, लेकिन इस बार पाकिस्तान का रवैया अड़ियल नजर आ रहा है। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी रेंजर्स को विरोध पत्र भेजा गया है, लेकिन वहां से अब तक कोई जवाब नहीं मिला है।

इस बीच, दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों के बीच करीब 4-5 फ्लैग मीटिंग हो चुकी हैं। हालांकि, इन बैठकों में भी जवान की वापसी को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं हो पाया है। अधिकारियों के अनुसार, बीएसएफ जवान को लाहौर-अमृतसर सेक्टर में पाकिस्तान रेंजर्स के एक बेस पर रखा गया है। संभावना जताई जा रही है कि उसे जल्द भारत को सौंपा जा सकता है, लेकिन इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पाकिस्तानी रेंजर की हिरासत को भारत की जवाबी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम पाकिस्तान पर दबाव बनाने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है, ताकि बीएसएफ जवान की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके।

पहाड़गाम हमले के बाद भारत ने कड़ा रुख अपनाया है और सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। गृह मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। आने वाले दिनों में दोनों देशों के बीच कूटनीतिक स्तर पर बातचीत की संभावना भी जताई जा रही है, लेकिन तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए निकट भविष्य में समाधान की उम्मीद कम ही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here