Rekha Gupta ने दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली; राष्ट्रीय राजधानी की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनीं

Delhi Chief Minister Oath Ceremony: दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ की पूर्व अध्यक्ष और पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली हैं। उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में महिला कल्याण के लिए काफी काम किया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से लंबे समय से जुड़ी 50 वर्षीय रेखा हाल में समाप्त हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग से विधायक निर्वाचित हुई हैं। बीजेपी 27 साल से अधिक समय के बाद दिल्ली की सत्ता में लौटी है

0
101

Delhi Chief Minister Oath Ceremony: शालीमार बाग से पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता ने दिल्ली
के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। उनके साथ दिल्ली के 6 विधायकों ने भी गुरुवार (20 फरवरी) दोपहर रामलीला मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में मंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही दिल्ली में 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सत्ता में वापसी हो गई है। बीजेपी विधायक दल की बैठक में बुधवार (19 फरवरी) को 50 वर्षीय रेखा गुप्ता को आठवीं दिल्ली विधानसभा में सदन का नेता चुना गया।

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने बुधवार (19 फरवरी) देर शाम राज निवास में रेखा गुप्ता द्वारा सरकार बनाने का दावा पेश किए जाने के बाद उन्हें नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। उपराज्यपाल के शपथ दिलाने के बाद रेखा गुप्ता दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री बन गई हैं।

6 विधायक बने मंत्री

रेखा गुप्ता के अलावा छह नवनिर्वाचित विधायकों प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, पंकज सिंह, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा और रविंद्र इंद्राज ने नए मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में शपथ ली। प्रवेश वर्मा ने विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली सीट से हराया था।

पार्टी सूत्रों ने दावा किया कि रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की पहली बैठक दिल्ली सचिवालय में दोपहर करीब तीन बजे होने की संभावना है। इस बैठक में महिला समृद्धि योजना और आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना को लागू किया जा सकता है। महिला समृद्धि योजना के तहत पात्र महिलाओं को 2,500 रुपये मासिक भुगतान किया जाएगा।

27 साल बाद बीजेपी की दिल्ली में वापसी

बीजेपी ने पांच फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव में 70 में से 48 सीट जीतकर दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली AAP के एक दशक लंबे शासन को समाप्त कर दिया। BJP ने आखिरी बार 1993-98 में दिल्ली में सत्ता हासिल की थी। पार्टी नेताओं ने बताया कि पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से अच्छे संबंध हैं। रेखा हाल में समाप्त हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग से विधायक निर्वाचित हुई हैं।

दिल्ली में बीजेपी की चौथी CM बनीं रेखा गुप्ता

वह मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में बीजेपी की चौथी मुख्यमंत्री हैं। शपथ ग्रहण के बाद वह वर्तमान में बीजेपी शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं। उपराज्यपाल के शपथ दिलाने के बाद रेखा गुप्ता दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री बन गई हैं। हरियाणा के जुलाना में जन्मी गुप्ता दिल्ली यूनिवर्सिटी के दौलत राम कॉलेज से बीकॉम हैं। बाद में उन्होंने मेरठ के चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से कानून की डिग्री हासिल की। फिर उन्होंने एक वकील के रूप में भी काम किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here