Kunal Kamra ने Shinde को ऐसा क्या कहा, जिस पर मच गया बवाल; शिवसैनिकों ने होटल में की तोड़फोड़

कॉमेडियन कुणाल कामरा की टिप्पणी पर महाराष्ट्र में सियासी बवाल मच गया है। डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने कामरा को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। दूसरी तरफ उद्धव गुट कॉमेडियन के बचाव में दिखा। कामरा ने फिल्म दिल तो पागल है के एक गीत के परोडी वर्जन के सहारे डिप्टी सीएम पर निशाना साधा।

0
56

कॉमेडियन कुणाल कामरा की टिप्पणी पर महाराष्ट्र की सियासत तल्ख हो गई है। बड़ी संख्या में शिवसेना कार्यकर्ता यूनिकॉन्टिनेंटल क्लब पहुंचे और यहां तोड़फोड़ की। कथित तौर पर कुणाल कामरा ने इसी क्लब में एकनाथ शिंदे पर आपत्तिजनक टिप्पणी की।

वीडियो वायरल होने के बाद शिंदे गुट के नेता राहुल कनाल ने मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में कामरा के खिलाफ शिकायत दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कामरा ने हाल ही में खार पश्चिम स्थित यूनिकॉन्टिनेंटल क्लब क्लब में आयोजित एक लाइव शो में डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की।

शिवसेना कार्यकर्ताओं पर एक्शन

इस बीच शिवसेना युवा सेना (शिंदे गुट) के महासचिव राहुल कनाल और 19 अन्य के खिलाफ कल हैबिटेट स्टैंडअप कॉमेडी सेट पर तोड़फोड़ करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई। बीएनएस और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत यह मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तारी की उठी मांग

शिवसेना कार्यकर्ताओं ने कॉमेडियन कुणाल कामरा को गिरफ्तार करने की मांग की। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की है कि कॉमेडियन के खिलाफ आधिकारिक तौर पर एफआईआर दर्ज की गई है या नहीं। पुलिस ने कहा कि शिवसेना कार्यकर्ताओं ने मुंबई के खार इलाके में होटल यूनिकॉन्टिनेंटल में तोड़फोड़ की। यहां कामरा ने एक शो में कथित तौर पर एकनाथ शिंदे को ‘गद्दार’ कहकर मजाक उड़ाया।

एक्स पर साझा किया वीडियो

कुणाल कामरा ने अपने शो के दौरान फिल्म ‘दिल तो पागल है’ के एक मोडिफाइड गाना के सहारे डिप्टी सीएम शिंदे का मजाक उड़ाया। कामरा ने सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो क्लिप भी साझा की। दरअसल, कामरा का इशारा 2022 में एकनाथ शिंदे द्वारा की गई बगावत पर था।

कामरा ने उद्धव से पैसे लिए: नरेश म्हास्के

ठाणे से शिवसेना सांसद नरेश म्हास्के का कहना है कि कामरा एक अनुबंधित कॉमेडियन हैं। मगर उन्हें सांप की पूंछ पर पैर नहीं रखना चाहिए था। एक बार जब नुकीले दांत निकल आएंगे तो भयंकर परिणाम होते हैं। म्हास्के ने आरोप लगाया कि कुणाल कामरा ने उद्धव ठाकरे से पैसे लिए हैं और एकनाथ शिंदे को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम यह सुनिश्चित करेंगे कि वे पूरे देश में स्वतंत्र रूप से घूम नहीं सकें।

 

तो आपको देश छोड़ना पड़ेगा

म्हास्के ने कहा कि हम दिवंगत बालासाहेब ठाकरे के शिव सैनिक हैं। अगर हम आपका अनुसरण करने लगे तो आपको देश छोड़ना पड़ेगा। उनकी पार्टी के पास कोई नहीं बचा है, इसलिए वह ऐसे लोगों को काम पर रख रहे हैं। कामरा को अब शिंदे की आलोचना करने का एहसास होगा।

 

संजय राउत ने क्या कहा?

संजय राउत ने कहा कि कुणाल कामरा एक प्रसिद्ध लेखक और स्टैंड-अप कॉमेडियन हैं। कुणाल ने महाराष्ट्र के राजनीतिक परिदृश्य पर एक पैरोडी गीत की रचना की। इससे शिंदे गुट नाराज हो गया और स्टूडियो में तोड़फोड़ की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here