OTT प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो की सबसे लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन को दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। प्राइम वीडियो ने पहले ही ‘पंचायत 5’ की आधिकारिक घोषणा कर दी है, लेकिन इससे बाद शो को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई थी। अब शो में विकास का किरदार निभाने वाले अभिनेता चंदन रॉय ने नए सीजन को लेकर ऐसा संकेत दिया है, जिसने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
चंदन रॉय ने दिया बड़ा अपडेट
‘पंचायत’ में विकास का किरदार दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय है। अपनी सादगी, मासूमियत और मजेदार अंदाज से यह किरदार लोगों के दिलों में खास जगह बना चुका है। हाल ही में चंदन रॉय ने ‘पंचायत 5’ को लेकर बातचीत करते हुए एक बड़ा अपडेट साझा किया है। उन्होंने शो की कहानी को लेकर कोई बड़ा खुलासा तो नहीं किया, लेकिन नए सीजन को सिर्फ तीन शब्दों में बयां किया। चंदन रॉय के मुताबिक ‘पंचायत 5’ पहले से ज्यादा बड़ा, बेहतर और खूबसूरत होने वाला है। उनके इस बयान के बाद फैंस के बीच नए सीजन को लेकर उत्साह और बढ़ गया है।
विकास के किरदार को लेकर क्या बोले चंदन रॉय?
एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान चंदन रॉय ने कहा कि ‘पंचायत’ की सबसे खास बात इसके किरदारों और उनके रिश्तों का समय के साथ विकसित होना है। उन्होंने बताया कि विकास का किरदार उनके लिए एक ऐसा अवसर साबित हुआ, जिसकी उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में कल्पना भी नहीं की थी। चंदन ने कहा कि विकास शुरू से ही कहानी का अहम हिस्सा रहा है, लेकिन समय के साथ दर्शकों के प्यार ने इस किरदार को और ज्यादा लोकप्रिय बना दिया। लोगों को उसकी सादगी और सच्ची भावनाओं से जुड़ाव महसूस होता है, यही वजह है कि यह किरदार दर्शकों के दिलों तक पहुंच पाया।
अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचा चंदन रॉय का सफर
पंचायत की सफलता के साथ-साथ चंदन रॉय का करियर भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचा है। उनकी फिल्में ‘आर जे बस्तर’ और ‘द लास्ट राइड’ को कान्स फिल्म मार्केट में सराहना मिली है। वहीं उनकी फिल्म ‘चंपारण मटन’ को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
पंचायत 5 में क्या देखने को मिल सकता है?
पिछले सीजन के बाद से लगातार चर्चा है कि ‘पंचायत 5’ में फुलेरा गांव की राजनीति और किरदारों के व्यक्तिगत जीवन में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। हालांकि मेकर्स और कलाकारों ने अभी तक कहानी से जुड़ी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। फिर भी चंदन रॉय के बयान से इतना जरूर साफ हो गया है कि आने वाला सीजन पहले से ज्यादा मनोरंजक और भावनात्मक होने वाला है।
क्यों दर्शकों की पसंद बना हुआ है पंचायत?
चंदन रॉय का मानना है कि ‘पंचायत’ की सफलता का सबसे बड़ा कारण इसकी वास्तविकता है। उन्होंने कहा कि यह सीरीज भारतीय ग्रामीण जीवन को बेहद सच्चाई और सहजता के साथ दिखाती है। इसकी कहानी किसी एक समय या दौर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें दिखाई गई परिस्थितियां हर दौर और हर समाज से जुड़ाव महसूस कराती हैं। यही वजह है कि फुलेरा गांव की छोटी-छोटी कहानियां, रिश्ते, राजनीति और भावनात्मक उतार-चढ़ाव दर्शकों के दिलों को छू जाते हैं। अब फैंस को बेसब्री से उस दिन का इंतजार है, जब ‘पंचायत 5’ एक बार फिर फुलेरा की नई कहानी लेकर दर्शकों के बीच आएगी।
