घने कोहरे में घिरा उत्तर भारत; भीषण ठंड से अभी राहत नहीं, 19 जिलों में स्कूलों की छुट्टी

उत्तर भारत में लोगों को अभी ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही है। नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम करवट लेगा। इसका असर 18 जनवरी तक देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने दो दिनों के लिए घने कोहरे का यलो अलर्ट भी जारी किया है। जम्मू-कश्मीर में बारिश के साथ-साथ हिमपात के भी आसार हैं। वहीं उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

0
100
नई दिल्ली: ठंड और घने कोहरे का प्रकोप अभी कुछ दिन उत्तर भारत में जारी रहेगा। दिल्ली और उत्तर प्रदेश में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी में ठिठुरन के बीच सोमवार सुबह घना कोहरा रहा।
इस वजह से आईजीआई एयरपोर्ट पर सुबह पांच से तीन घंटे तक न्यूनतम दृश्यता सिर्फ 50 मीटर रही। इससे उड़ानें प्रभावित हुईं। कोहरे के कारण सड़क व रेल यातायात भी प्रभावित रहा। 

यूपी में फतेहपुर रहा सबसे ठंडा

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में घना कोहरा और कुछ इलाकों में बेहद घना कोहरा हो सकता है। सोमवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश की बात करें तो सर्द हवाओं के चलते यहां शाम होते ही गलन बरकरार है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। सोमवार को फतेहपुर 6.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। 

कश्मीर में बर्फबारी और बारिश के आसार

कश्मीर में सोमवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। जबकि रविवार की रात को पहलगाम माइनस 8.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ पूरे जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में प्रदेश में ऐसा ही मौसम रहेगा। 16 जनवरी की शाम से मौसम में फिर हलचल होगी और कश्मीर में बर्फबारी व बारिश हो सकती है।

हिमाचल के तीन जिलों में शीतलहर

पश्चिमी विक्षोभ का यह प्रभाव 18 जनवरी शाम तक रहेगा। वहीं हिमाचल में सोमवार को दो दिन बाद धूप निकलने से ठंड से राहत मिली है हालांकि हमीरपुर, ऊना व कांगड़ा में शीतलहर चलती रही। मौसम साफ रहने से अधिकतम तापमान में दो से सात डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की गई है। 

अटल टनल रोहतांग सभी वाहनों के लिए बहाल कर दी गई है। मौसम विभाग ने बुधवार तक मंडी, ऊना, बिलासपुर में शीतलहर व कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। 

उत्तराखंड में शुष्क रहेगा मौसम

उत्तराखंड में दो दिन की बर्फबारी और वर्षा के बाद सोमवार को धूप खिलने से राहत मिली। बर्फबारी से बाधित जोशीमठ-औली मार्ग, गंगोत्री व यमुनोत्री राजमार्ग और तवाघाट-लिपुलेख राजमार्ग पर यातायात सुचारू हो गया है। 

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार मंगलवार को मौसम शुष्क बने रहने के आसार है। मैदानी क्षेत्रों में सुबह व रात को घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

घने कोहरे के कारण बस व जीप भिड़े, तीन की मौत

राजस्थान में सोमवार को पूरे प्रदेश में घना कोहरा छाया रहा। पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में रहा। कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रही। इसी कारण श्रीगंगानगर में रोडवेज बस और जीप की आमने-सामने टक्कर होने से तीन लोगों की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए। बस में 34 लोग सवार थे। उधर, मौसम विभाग ने 15 जनवरी को एक बार फिर बारिश और ओले की चेतावनी दी है। 

19 जिलों में स्कूली छुट्टी बढ़ी

शीतलहर के बीच सरकार के निर्देश पर प्रदेश के 19 जिलों के स्कूलों में 16 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है। यह अवकाश कक्षा एक से आठ तक के बच्चों के लिए रहेगा। 

पंजाब में सोमवार को दिनभर खिली धूप से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार 14 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके चलते 15 जनवरी को राज्य में हल्की वर्षा होने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here