अमेठी: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले की गौरीगंज सदर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के बागी विधायक राकेश प्रताप सिंह ने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का ऐलान किया है। वह आगामी 14 अक्टूबर 2026 को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। राकेश प्रताप सिंह ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।
राकेश प्रताप सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा, “मेरे गौरीगंज के सम्मानित क्षेत्रवासियों, साथियों, शुभचिंतकों एवं कार्यकर्ता बंधुओं, मैं आगामी 14 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे से गौरीगंज स्थित अपने निजी आवास ‘मंगलम’ के प्रांगण में आप सभी की गरिमामयी उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करूंगा।”
अमेठी में होगा बड़ा कार्यक्रम
जानकारी के मुताबिक, 14 अक्टूबर को अमेठी में भाजपा की ओर से सदस्यता ग्रहण का बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी से अलग हुए कई विधायक भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इनमें गौरीगंज सदर से विधायक राकेश प्रताप सिंह, अयोध्या की गोसाईगंज सीट से विधायक अभय सिंह और जालौन की कालपी सीट से विधायक विनोद चतुर्वेदी के नाम शामिल हैं।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के मौजूद रहने की संभावना है। इसके अलावा भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के भी कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, पार्टी की ओर से अतिथियों और कार्यक्रम की विस्तृत आधिकारिक सूची अभी जारी नहीं की गई है।
कार्यकर्ताओं से की उपस्थिति की अपील
राकेश प्रताप सिंह ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से 14 अक्टूबर को किसी अन्य कार्यक्रम का आयोजन नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता इस महत्वपूर्ण अवसर पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। विधायक ने अपने संदेश में समर्थकों के स्नेह, सहयोग और आशीर्वाद को अपने लिए अमूल्य बताया।
राकेश प्रताप सिंह गौरीगंज विधानसभा सीट से लगातार तीसरी बार विधायक चुने गए हैं। क्षेत्र में उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ मानी जाती है। ऐसे में उनके भाजपा में शामिल होने से गौरीगंज सीट के स्थानीय राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें संगठन या चुनावी राजनीति में कौन सी जिम्मेदारी दी जाएगी, इसे लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
2021 में दिया था इस्तीफा
राकेश प्रताप सिंह ने वर्ष 2021 में विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, वर्ष 2022 में उन्होंने अपना इस्तीफा वापस ले लिया और समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़कर जीत हासिल की।
फरवरी 2024 में हुए उत्तर प्रदेश राज्यसभा चुनाव के दौरान उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया था। इसके बाद समाजवादी पार्टी से उनके संबंधों में दूरी बढ़ती गई। जून 2025 में सपा ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया। निष्कासन के बाद विधानसभा में राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और मनोज पांडेय को असंबद्ध घोषित किया गया था।
अब 14 अक्टूबर को राकेश प्रताप सिंह भाजपा में औपचारिक रूप से शामिल होंगे। उनके इस कदम का असर आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अमेठी और आसपास के क्षेत्रों की राजनीति पर पड़ सकता है।
